Jharkhand: गिरिडीह में दिनदहाड़े 2.07 लाख की लूट, हथियारबंद बदमाशों ने मछली कारोबारी से पिस्टल के बल पर छीना कैश

गिरिडीह: गिरिडीह शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। गुरुवार को शहर के मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के सामने हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में मछली कारोबारी आफताब रैन से पिस्टल के बल पर ₹2 लाख 7 हजार से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

दो बाइक पर पहुंचे पांच बदमाशों ने रोका रास्ता

जानकारी के अनुसार, बोडो निवासी आफताब रैन रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे मछली मंडी से कारोबार समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के सामने उनका रास्ता रोक लिया।

पिस्टल दिखाकर छीना नकदी से भरा बैग

पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। बैग में दिनभर की बिक्री के करीब ₹2.07 लाख नकद रखे हुए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी पचंबा की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ-साथ अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लूटकांड में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version