मनोरंजन डेस्क: ‘पंचायत’ फेम जितेंद्र कुमार एक बार फिर अपने नए और अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। उनकी आगामी साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म ‘दालिंब’ का टीजर रिलीज हो गया है। खास बात यह है कि फिल्म सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म जी -5 पर रिलीज होगी। टीजर देखने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की उत्सुकता काफी बढ़ गई है।
बिना डायलॉग के भी असरदार है टीजर
‘दालिंब’ के टीजर की शुरुआत एक छोटी बच्ची से होती है, जिसके बाद जितेंद्र कुमार की एंट्री दिखाई जाती है। दोनों डरे-सहमे नजर आते हैं। पूरे टीजर में एक भी डायलॉग नहीं है, लेकिन इसके बावजूद इसकी कहानी और माहौल दर्शकों में रोमांच और सस्पेंस पैदा करता है।टीजर में जितेंद्र कुमार का अब तक का सबसे अलग और गंभीर अवतार देखने को मिल रहा है। हल्के-फुल्के किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता इस बार एक डार्क और रहस्यमयी भूमिका निभाते नजर आएंगे।
सोशल मीडिया पर फैंस का जबरदस्त रिएक्शन
टीजर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों ने जितेंद्र कुमार के अभिनय और उनके नए लुक की जमकर तारीफ की।यूजर्स ने लिखा कि”जितेंद्र कुमार की बहुमुखी प्रतिभा कमाल की है, यह फिल्म मास्टरपीस साबित हो सकती है।””सबकी नजरें सिर्फ जीतू भैया पर हैं।””जीतू भैया इस बार बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं, टीजर ने रोंगटे खड़े कर दिए।”कई दर्शकों ने फिल्म को अभी से अपनी वॉचलिस्ट में शामिल करने की बात भी कही है।
जितेंद्र कुमार के आगामी प्रोजेक्ट्स
‘दालिंब’ के अलावा जितेंद्र कुमार आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आएंगे। वह ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में ‘बबलू’ के किरदार में दिखाई देंगे। इसके अलावा वह लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत 5’ का भी हिस्सा होंगे।
