नई दिल्ली: ‘कॉकरोच जनता पार्टी ‘ ने गुरुवार को देशभर में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन आयोजित करने का ऐलान किया है। संगठन की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी पोस्टर में शुक्रवार (24 जुलाई) को देश के प्रत्येक जिले में प्रदर्शन आयोजित करने की अपील की गई है।
‘Every District. One Day. One Demand’ का दिया नारा
जारी पोस्टर के अनुसार, प्रदर्शन का उद्देश्य पुलिस कार्रवाई के कथित पीड़ितों के साथ एकजुटता जताना और छात्रों की मांगों के समर्थन में आवाज उठाना बताया गया है। संगठन ने “Every District. One Day. One Demand” का नारा देते हुए छात्र संगठनों और अन्य सामाजिक संगठनों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की है।
प्रशासन से अनुमति लेने की अपील
पोस्टर में प्रदर्शन के आयोजकों से संबंधित प्रशासन से आवश्यक अनुमति लेने और स्थानीय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपील की गई है। साथ ही प्रदर्शन के दौरान छात्रों की मांगों को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाने और कथित पुलिस कार्रवाई के पीड़ितों के प्रति एकजुटता व्यक्त करने की बात कही गई है।
एसओपी और ज्ञापन का प्रारूप जारी करने का दावा
संगठन ने दावा किया है कि प्रदर्शन के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर , आवश्यक सामग्री और ज्ञापन का प्रारूप भी उपलब्ध कराया जाएगा। सोशल मीडिया पर अपील जारी होने के बाद विभिन्न जिलों में प्रदर्शन आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
भूख हड़ताल और छात्रों की मांगों का मुद्दा
संगठन का दावा है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर उसका विरोध-प्रदर्शन जारी है। इसके साथ ही नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई है।
सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार
संगठन की ओर से किए गए दावों और मांगों पर केंद्र सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, इस संबंध में किए गए अन्य दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
