खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चौथम प्रखंड के कन्या मध्य विद्यालय, भूतौली में परोसे गए मिड-डे मील में कथित तौर पर मृत जीव मिलने के बाद एक दर्जन से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए। सभी बीमार बच्चों को इलाज के लिए चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।
खाना परोसने के दौरान मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, बच्चों को परोसे गए मिड-डे मील में मृत जीव मिलने की सूचना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच गए और बीमार बच्चों को अस्पताल ले जाया गया।
ग्रामीणों का आरोप- खाने में था मृत सांप
ग्रामीणों का आरोप है कि मिड-डे मील के भोजन में मृत सांप था। उनका कहना है कि इसे देखने के बाद बच्चे घबरा गए और भोजन करने वाले कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई।
स्कूल प्रबंधन ने दी अलग सफाई
वहीं, स्कूल के प्रधानाध्यापक ने ग्रामीणों के दावे से अलग बयान दिया है। उनका कहना है कि बच्चों की थाली में सांप नहीं, बल्कि जोंक जैसा कोई मृत जीव मिला था। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।
जांच की उठी मांग
घटना के बाद स्कूल में मिड-डे मील की गुणवत्ता और भोजन तैयार करने की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
