सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गियारी ने तेज-तर्रार पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को शामिल करते हुए ‘स्पेशल-12 टास्क फोर्स’ का गठन किया है। इसकी जानकारी एसपी ने जियाडा भवन स्थित एसपी कैंप कार्यालय में दी। उन्होंने बताया कि इस विशेष टीम का नेतृत्व मुख्यालय डीएसपी करेंगे और यह टीम जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराध नियंत्रण की दिशा में कार्य करेगी।
अपराधियों की धरपकड़ और वारंटियों की गिरफ्तारी पर रहेगा फोकस
एसपी ने बताया कि स्पेशल-12 टास्क फोर्स का मुख्य उद्देश्य अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटियों को पकड़ना और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। कोर्ट से प्राप्त वारंट सूची के आधार पर विशेष अभियान चलाकर वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने कहा कि विभिन्न थाना क्षेत्रों में वारंटियों की गिरफ्तारी में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के कारण अब इस विशेष टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदित्यपुर से गम्हरिया तक सीसीटीवी निगरानी की तैयारी
अपराध नियंत्रण को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए आदित्यपुर से गम्हरिया बाजार तक मुख्य सड़क और प्रमुख बाजार क्षेत्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में लाने की योजना बनाई जा रही है। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपराधियों की पहचान करने में पुलिस को मदद मिलेगी।
होटलों और लॉज की होगी नियमित जांच
एसपी ने बताया कि जिले के होटल और लॉज भी पुलिस की नियमित निगरानी में रहेंगे। आदित्यपुर समेत पूरे जिले के होटलों की समय-समय पर जांच की जाएगी। होटल में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन किया जाएगा ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी पुलिस गश्त
पुलिस ने संवेदनशील और अपराध संभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने का भी निर्णय लिया है। स्पेशल-12 टास्क फोर्स स्थानीय थाना पुलिस के साथ समन्वय बनाकर लगातार निगरानी रखेगी, जिससे अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
