Jharkhand: बोकारो में 19 वर्षीय युवक की हत्या का खुलासा, कुएं से बरामद हुआ शव

बोकारो: जिले के चंदनकियारी थाना अंतर्गत बरमसिया ओपी क्षेत्र में लापता 19 वर्षीय युवक सागर कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर आगड्डीह गांव के समीप सिद्धाटांड जंगल स्थित एक कुएं से सागर कुमार का शव बरामद किया गया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और डंडा भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पत्नी पर कथित टिप्पणी बनी हत्या की वजह

चास के एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपनी पत्नी को लेकर मृतक द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से नाराज होकर इस वारदात को अंजाम दिया। दोनों की मुलाकात करीब पांच महीने पहले बाहर काम करने के दौरान हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच जान-पहचान थी।

तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि बरमसिया ओपी कांड संख्या 85/2026 के तहत दर्ज मामले में 18 जुलाई से लापता सागर कुमार की तलाश लगातार की जा रही थी। जांच के दौरान मिले तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर भवानीडीह निवासी मानिक मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने सागर कुमार की हत्या कर शव को सिद्धाटांड जंगल स्थित एक कुएं में छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हत्या में इस्तेमाल सामान भी बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और डंडा भी बरामद कर जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

एएसपी वेदांत शंकर ने क्या कहा?

एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में प्रयुक्त सामान भी बरामद कर लिया गया है।

Exit mobile version