पाकुड़: जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पाकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के ग्राम पत्थरघट्टा (पहाड़ियाटोला) में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद करते हुए सुरेश पहाड़िया उर्फ बुधना पहाड़िया को गिरफ्तार किया है।
एसपी अनुदीप सिंह को मिली थी गुप्त सूचना
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को 20 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर से अवैध रूप से विदेशी शराब की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी में क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी के दौरान निम्नलिखित शराब बरामद की जिसमे रॉयल स्टैग (350 एमएल) की 3 बोतल,रॉयल स्टैग (180 एमएल) की 36 बोतल और किंगफिशर (650 एमएल) की 46 बोतल बीयर शामिल है। बरामद सभी शराब को पुलिस ने जब्त कर लिया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस मामले में मालपहाड़ी ओपी कांड संख्या 180/2026 के तहत झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई जारी रहेगी
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण या बिक्री हो रही हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
इस अभियान में एसडीपीओ कुमार गौरव, मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक सचिन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार रजक, भुदेव कुमार दास, अयोध्या राम सहित मालपहाड़ी ओपी के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
