Jharkhand: जामताड़ा में भाजपा जिलाध्यक्ष के घर पुलिस छापेमारी से सियासत गरमाई, बीजेपी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

जामताड़ा: जामताड़ा में सोमवार सुबह भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के आवास पर पुलिस की छापेमारी के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और जिला पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं प्रशासन ने कार्रवाई को विधिसम्मत बताया है।

‘सुबह 5 बजे भारी पुलिस बल के साथ हुई छापेमारी’

प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि सोमवार सुबह करीब 5 बजे डीएसपी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल सुमित शरण के घर पहुंचा। उनका कहना है कि कार्रवाई का तरीका ऐसा था, मानो किसी बड़े अपराधी या आतंकवादी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा हो। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान परिवार के सदस्यों, विशेषकर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया।

भाजपा ने सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की

भाजपा का कहना है कि जामताड़ा सदर अस्पताल में प्रसूता रीना देवी की इलाज के दौरान हुई मौत के बाद पार्टी ने निष्पक्ष जांच के लिए एक जांच समिति गठित की थी। इसके बावजूद अस्पताल में कथित तोड़फोड़ के मामले में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को राजनीतिक दुर्भावना से फंसाया जा रहा है।पार्टी ने मांग की है कि यदि भाजपा कार्यकर्ता दोषी हैं तो अस्पताल परिसर की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जाए, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।

स्वास्थ्य मंत्री और सरकार पर लगाए आरोप

प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और राज्य सरकार के इशारे पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेगी और पुलिस को राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।

डीजीपी से संपर्क नहीं होने का दावा

भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मामले को लेकर डीजीपी तदाशा मिश्रा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन नहीं उठाया गया। भाजपा ने इसे भी गंभीर विषय बताया।

प्रसूता की मौत के बाद हुआ था विरोध प्रदर्शन

कुछ दिन पहले जामताड़ा सदर अस्पताल में प्रसूता रीना देवी की कथित इलाज में लापरवाही से मौत के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया था। इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण समेत कई भाजपा नेताओं ने भी हिस्सा लिया था और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी।

आठ लोगों पर दर्ज है प्राथमिकी

घटना के बाद अस्पताल में कथित तोड़फोड़, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित अन्य आरोपों में जामताड़ा थाना में भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी मामले में पुलिस सोमवार सुबह उनके आवास पर कार्रवाई करने पहुंची।

प्रशासन का पक्ष

प्रशासन का कहना है कि पुलिस ने दर्ज प्राथमिकी के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की है। वहीं भाजपा इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रही है। दोनों पक्षों के दावों के बीच मामले ने जिले की राजनीति को गर्मा दिया है।

Exit mobile version