लातेहार पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के छिपाकर रखे गए हथियार और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
इनामी नक्सली की गिरफ्तारी के बाद मिली अहम जानकारी
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले 20 लाख रुपये के इनामी रिजनल कमेटी सदस्य रविंद्र गंझू को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उससे मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई की।
एसपी के निर्देश पर चला सर्च ऑपरेशन
एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में चंदवा थाना पुलिस ने विशेष सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली गई।
एके-56 सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद
सर्च अभियान में पुलिस ने एक एके-56 राइफल, एक स्वचालित हथियार, 90 चक्र जिंदा कारतूस तथा नक्सली पाउच बरामद किए। बरामदगी को पुलिस नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता मान रही है।
कई जिलों में सक्रिय था रविंद्र गंझू
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार नक्सली रविंद्र गंझू का प्रभाव लातेहार, गढ़वा, चतरा, पलामू और गुमला जिलों में था। वह 154 नक्सली घटनाओं में कथित रूप से शामिल रहा है।
बचे नक्सलियों से सरेंडर की अपील
एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि संगठन में अब गिने-चुने नक्सली ही बचे हैं। उन्होंने शेष नक्सलियों से हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटने और आत्मसमर्पण करने की अपील की।
