जमशेदपुर: झारखंड की माटी की कला और सिनेमा को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने के उद्देश्य से एक बार फिर ‘झारखंड नेशनल फिल्म फेस्टिवल’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। ‘अस्मा इंडिया चैरिटेबल ट्रस्ट’ एवं ‘मित्रा प्रोडक्शन’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित महोत्सव में इस बार स्थानीय और भाषाई सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। महोत्सव के तहत झारखंड की तमाम क्षेत्रीय फिल्मों के लिए एंट्री (प्रविष्टि) को पूरी तरह से निःशुल्क रखा गया है।
बॉलीवुड और झॉलीवुड के दिग्गजों का लगेगा महाकुंभ
महोत्सव की आधिकारिक घोषणा के लिए ’अस्मा इंडिया’ कार्यालय में एक भव्य संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संगठन के संस्थापक संजय सत्पथी, राजू मित्रा और फेस्टिवल डायरेक्टर डॉ. शालिनी प्रसाद ने बताया कि इस फिल्म फेस्टिवल में बॉलीवुड (मुंबई) एवं झॉलीवुड (झारखंड फिल्म इंडस्ट्री) के दिग्गज कलाकारों, निर्देशकों और सिनेमा प्रेमियों का एक अनूठा महासंगम देखने को मिलेगा।
इन श्रेणियों में मंगाई गई हैं प्रविष्टियां; झारखंडी भाषाओं को मिलेगा मुख्य मंच
आयोजकों के अनुसार, देश-दुनिया के इच्छुक फिल्म निर्माता और स्वतंत्र सिनेमाकार इस महोत्सव के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। इसके लिए मुख्य रूप से चार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं जिसमे फीचर फिल्म,शॉर्ट फिल्म,म्यूजिक वीडियो और डॉक्यूमेंट्री है। इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण झारखंड की स्थानीय लोक भाषाएं और संस्कृतियां होंगी। फेस्टिवल में विशेष रूप से नागपुरी, संथाली, छऊ, खोरठा, मुंडारी व अन्य झारखंडी क्षेत्रीय भाषाओं में बनी फिल्मों और वृत्तचित्रों को एक बड़ा और वैश्विक मंच प्रदान किया जाएगा, ताकि यहां की अनूठी संस्कृति से दुनिया रूबरू हो सके।
31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का मौका
महोत्सव की आयोजन समिति ने प्रविष्टियां जमा करने की समय-सीमा की घोषणा कर दी है। महोत्सव में भाग लेने के लिए अपनी प्रविष्टि जमा करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2026 तय की गई है। सभी फिल्म निर्माता, निर्देशक और स्वतंत्र कलाकार बिना किसी परेशानी के आधिकारिक वेबसाइट www.jharkhandnationalfilmfestival.com पर जाकर अपनी फिल्मों, शॉर्ट फिल्मों या म्यूजिक वीडियो को ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं।
झारखंड के उभरते हुए निर्देशकों और कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और देश के नामी सिनेमाकारों के साथ अनुभव साझा करने का यह एक स्वर्णिम अवसर माना जा रहा है।
आयोजन समिति और समर्पित टीम
इस वृहद सिनेमाई महाकुंभ को सफल बनाने के लिए झारखंड के कई प्रबुद्ध नागरिक और संरक्षक लगातार प्रयासरत हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन में मुख्य संरक्षक भरत सिंह, संरक्षक सुखदेव महतो, संरक्षक डॉ. जे. एन. दास, पूर्वी घोष और अरुण बाकरेवाल के मार्गदर्शन में टीम काम कर रही है। इसके साथ ही नैंसी सिंह, शिवांगी सिंह, जॉय, कशिश जैन, नवीन प्रधान और राज प्रामाणिक जैसे समर्पित कार्यकर्ता व सदस्य दिन-रात तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
