Jharkhand: पाकुड़ में मासिक अपराध समीक्षा बैठक, एसपी अनुदीप सिंह ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश

पाकुड़ पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति, लंबित मामलों की समीक्षा तथा अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

पोस्को , आईटी एक्ट और एनडीपीएस मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर

एसपी ने लंबित कांडों, वारंट, पोस्को एक्ट , आईटी एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चोरी, लूट और गृहभेदन जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित गश्त और सघन जांच अभियान चलाने पर बल दिया।

सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन के निर्देश

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से एसपी ने नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट की जांच करने तथा ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।

जन शिकायतों के त्वरित समाधान पर दिया जोर

बैठक में थाना आने वाले फरियादियों की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और शालीनतापूर्वक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा साइबर अपराध, नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और बाल विवाह के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित

बैठक के दौरान रथ यात्रा ड्यूटी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया गया। इसके बाद आयोजित पुलिस सभा में पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

Exit mobile version