बोकारो पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। प्रतिबिंब ऐप से मिली सूचना के आधार पर सेक्टर-12 और माराफारी थाना क्षेत्र में देर रात छापेमारी कर 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक दस्तावेज, डेबिट कार्ड और नकदी बरामद की गई है।
बैंक अधिकारी और ट्रैवल एजेंट बनकर करते थे ठगी
बोकारो पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी खुद को बैंक अधिकारी या आर.एम. टूर एंड ट्रेवल्स का एजेंट बताकर लोगों को झांसे में लेते थे और ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई संयुक्त टीम
बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में साइबर थाना, तकनीकी शाखा और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बारी को-ऑपरेटिव तथा माराफारी थाना क्षेत्र के रितुडीह राजेंद्र नगर में छापेमारी की।इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 24/2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी में क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन,9 सिम कार्ड,18 बैंक पासबुक,3 चेकबुक,10 डेबिट कार्ड,2 आधार कार्ड,1 पैन कार्ड और ₹43,100 नकद बरामद किया है।
बैंक खातों में लाखों के लेन-देन की जांच
पुलिस को जांच के दौरान कुछ बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली है। इन खातों को फिलहाल होल्ड कर दिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
बिहार और झारखंड के आरोपी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश बिहार के पटना, नवादा और जमुई जिले के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी बोकारो के सेक्टर-3 का रहने वाला है।
अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अब इस अंतरराज्यीय साइबर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने झारखंड के अलावा अन्य राज्यों में भी साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।बोकारो पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
