Madhya Pradesh: खड़े ट्रक से टकराई कार, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

उमरिया: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर कोतवाली थाना क्षेत्र के भरोला गांव स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के पास हुआ।

सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई कार

पुलिस के अनुसार, हादसा 9 जुलाई की सुबह करीब 3 बजे हुआ। अनूपपुर निवासी परिवार किसी पारिवारिक कार्य से यात्रा कर रहा था। इसी दौरान उमरिया और कटनी के बीच उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई।टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

चार लोगों की मौके पर मौत

हादसे में मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

कुलपत सिंह (37 वर्ष)
सविता सिंह (32 वर्ष)
प्रियंका सिंह (24 वर्ष)
3 वर्षीय मासूम बच्चा

गंभीर रूप से घायल महिला जबलपुर रेफर

हादसे में 22 वर्षीय खुशबू गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वी.के. चंदेल ने बताया कि अस्पताल पहुंचने के समय घायल महिला की स्थिति बेहद गंभीर थी और उनकी नब्ज बहुत कमजोर थी। चिकित्सकों ने तत्काल सीपीआर और प्राथमिक उपचार देकर उनकी हालत स्थिर करने का प्रयास किया।बेहतर इलाज के लिए उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version