मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड की लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘धमाल’ अपने चौथे भाग ‘धमाल 4’ के साथ 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी की वापसी ने फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। ट्रेड अनुमान के अनुसार फिल्म पहले दिन शानदार शुरुआत कर सकती है और साल 2026 की बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल होने की दौड़ में है।
फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता बनी सबसे बड़ी ताकत
‘धमाल’ सीरीज पिछले कई वर्षों से दर्शकों की पसंदीदा कॉमेडी फ्रेंचाइजी रही है। भले ही इसके पिछले भाग रिकॉर्डतोड़ ब्लॉकबस्टर नहीं रहे हों, लेकिन टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लगातार मिलते प्यार ने इसकी लोकप्रियता बनाए रखी है।इसी मजबूत फैन बेस के चलते ‘धमाल 4’ से खासकर छोटे शहरों और मास ऑडियंस में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
फैमिली ऑडियंस को भी पसंद आ सकती है फिल्म
फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन पारिवारिक मनोरंजन और हल्की-फुल्की कॉमेडी पसंद करने वाले दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।फिल्म में पारिवारिक दर्शकों के लिहाज से मनोरंजक कंटेंट होने के कारण वीकेंड पर अच्छी फुटफॉल मिलने की संभावना जताई जा रही है।
देशभर में 10,000 से ज्यादा शोज मिलने की चर्चा
रिलीज से पहले माना जा रहा था कि अन्य बड़ी फिल्मों के कारण स्क्रीन मिलने में चुनौती आ सकती है। हालांकि ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘धमाल 4’ को देशभर में 10,000 से अधिक शोज मिलने की चर्चा है, जिससे इसकी मजबूत ओपनिंग की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
पहले दिन कितनी हो सकती है कमाई?
ट्रेड एक्सपर्ट्स के शुरुआती अनुमानों के मुताबिक ‘धमाल 4’ भारत में पहले दिन 14.5 करोड़ से 17.5 करोड़ रुपये (नेट) के बीच कारोबार कर सकती है।यदि फिल्म इस दायरे में कमाई करती है, तो यह साल 2026 की सबसे बड़ी बॉलीवुड ओपनिंग फिल्मों में अपनी जगह बना सकती है। हालांकि वास्तविक कलेक्शन दर्शकों की प्रतिक्रिया, वर्ड ऑफ माउथ और शुरुआती शो की ऑक्यूपेंसी पर निर्भर करेगा।
ओपनिंग वीकेंड पर रहेंगी नजरें
यदि फिल्म पहले दिन मजबूत शुरुआत दर्ज करती है और दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है, तो ओपनिंग वीकेंड में इसका बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन और बेहतर हो सकता है। फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता और स्टार कास्ट को देखते हुए मेकर्स को अच्छी कमाई की उम्मीद है।
