पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले ने विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देशभर के 112 आकांक्षी जिलों की डेल्टा रैंकिंग में पहला स्थान प्राप्त किया है। भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा जारी इस रैंकिंग में पूर्णिया के शीर्ष पर आने से जिला प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों में भी खुशी का माहौल है।पूर्णिया के जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि नीति आयोग हर तीन महीने पर आकांक्षी जिलों की डेल्टा रैंकिंग जारी करता है। जनवरी से मार्च 2026 की पहली तिमाही की रैंकिंग में पूर्णिया ने विभिन्न विकास मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है।उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र में पूर्णिया पूरे देश में पहले स्थान पर रहा, जबकि स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में जिले ने पांचवां स्थान प्राप्त किया है। डीएम ने इसे जिले के लिए गर्व की बात बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी विभागों के समन्वित प्रयास और सरकारी कर्मियों की मेहनत का परिणाम है।
मिलेगी करोड़ों की प्रोत्साहन राशि
डीएम अंशुल कुमार ने बताया कि इस उपलब्धि के लिए नीति आयोग की ओर से जिले को 3 से 5 करोड़ रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इस राशि का उपयोग आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों तथा नवाचार से जुड़े विकास कार्यों में किया जाएगा, ताकि जिले के विकास को और गति मिल सके।
सभी को दी बधाई
जिला पदाधिकारी ने इस सफलता का श्रेय जिले के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को देते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पूर्णिया विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
