पटना: बाढ़ अनुमंडल के हाथीदह थाना क्षेत्र में पुलिस ने तालाबों में जहर डालकर मछली चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसडीपीओ-1 रामकृष्ण के निर्देश पर हाथीदह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित छापेमारी टीम ने की।पुलिस ने स्टेशन के पास स्थित एक तालाब से चोरी के दौरान आरोपियों को पकड़ा। जांच में सामने आया कि गिरोह काफी समय से बाढ़ अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों और नालंदा जिले के आसपास सक्रिय था।
रात में तालाब में जहर डालकर करते थे मछली चोरी
पुलिस के अनुसार, आरोपी रात के अंधेरे में तालाबों में जहरीला रासायनिक पदार्थ डाल देते थे। इसके प्रभाव से मछलियां पानी की सतह पर आ जाती थीं, जिन्हें आरोपी 30 से 45 मिनट के भीतर इकट्ठा कर टेम्पो से फरार हो जाते थे।इस तरीके से तालाब में बची अन्य मछलियां भी मर जाती थीं, जिससे तालाब मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल जाता था।
25 किलो मछली, टेम्पो और जहरीला केमिकल जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हरे रंग का टेम्पो (नंबर BR-01R-3139),करीब 25 किलोग्राम जहरीली मछली,बाल्टियां और प्लास्टिक के बोरे Danitol Fenpropathrin 10% EC नामक जहरीले रासायनिक पदार्थ की एक-एक लीटर की दो बोतलें बरामद की हैं।
पांच आरोपी बख्तियारपुर और एक अथमलगोला का निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
मुकेश सहनी (पिता- राजेंद्र सहनी), लक्ष्मणपुर, बख्तियारपुर
चंदन कुमार (पिता- विनोद सहनी), लक्ष्मणपुर, बख्तियारपुर
सोनू कुमार (पिता- विनोद सहनी), लक्ष्मणपुर, बख्तियारपुर
सूरज सहनी (पिता- विनोद सहनी), लक्ष्मणपुर, बख्तियारपुर
पिंटू सहनी (पिता- लगन सहनी), लक्ष्मणपुर, बख्तियारपुर
नितिश कुमार (पिता- विजेंद्र साह), नयाटोला सबनिमा, अथमलगोला
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
