मनोरंजन डेस्क : सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। मेकर्स ने एक खास अनाउंसमेंट वीडियो जारी करते हुए बताया कि यह फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वीडियो में रजनीकांत के लोकप्रिय किरदार ‘टाइगर’ मुथुवेल पांडियन की दमदार झलक भी देखने को मिली।
टीजर में दिखी दमदार स्टारकास्ट
निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में कई बड़े सितारे नजर आएंगे। फिल्म में मोहनलाल, शिवा राजकुमार, विजय सेतुपति, मिथुन चक्रवर्ती, एस. जे. सूर्या, राम्या कृष्णन, विद्या बालन और योगी बाबू भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ऋतिक रोशन फिल्म में कैमियो भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि, मेकर्स की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
फिल्म अंतिम चरण में
कुछ दिन पहले रजनीकांत ने बताया था कि ‘जेलर 2’ का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा था कि जल्द ही रिलीज डेट की घोषणा की जाएगी, जिसे अब आधिकारिक रूप से जारी कर दिया गया है।
क्या टूटेगा ‘जेलर’ का रिकॉर्ड?
जेलर वर्ष 2023 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी। फिल्म ने दुनिया भर में 650 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था और तमिल सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हुई थी।अब फैंस की नजरें ‘जेलर 2’ पर टिकी हैं। उम्मीद की जा रही है कि रजनीकांत का एक्शन अवतार एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाएगा और फिल्म पहले भाग के रिकॉर्ड को चुनौती दे सकती है।
