Sports: भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराया, रोमांचक मुकाबले में दिखाई दमदार वापसी

खेल डेस्क : FIH प्रो लीग 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 4-3 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबले की शुरुआत पाकिस्तान के पक्ष में रही, लेकिन भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर से जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार चार गोल दागे और मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। हालांकि अंतिम मिनटों में पाकिस्तान ने लगातार दो गोल कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन भारतीय टीम ने शानदार डिफेंस के दम पर बढ़त कायम रखते हुए तीन अहम अंक अपने नाम कर लिए।

पहले क्वार्टर में पाकिस्तान ने बनाई बढ़त

मुकाबले के पहले क्वार्टर में पाकिस्तान ने आक्रामक शुरुआत की और शुरुआती बढ़त हासिल कर ली। भारतीय टीम ने बराबरी के लिए लगातार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन पाकिस्तान का डिफेंस मजबूती से डटा रहा।इस दौरान भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह के तेज शॉट को रोकने की कोशिश में पाकिस्तान के खिलाड़ी अब्दुल मन्नान चोटिल भी हो गए। पहले क्वार्टर की समाप्ति तक पाकिस्तान 1-0 से आगे था।

दूसरे और तीसरे क्वार्टर में भारत की शानदार वापसी

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। अभिषेक ने शानदार गोल कर भारत को बराबरी दिलाई। इसके बाद नीलकांत शर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 19वां गोल दागते हुए भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक भारतीय टीम मैच पर पूरी तरह हावी नजर आई।तीसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा कायम रहा। सुखजीत सिंह ने शानदार फिनिश के साथ तीसरा गोल दागकर बढ़त को और मजबूत कर दिया।

राजिंदर के गोल से भारत 4-1 से आगे, फिर पाकिस्तान ने बढ़ाया रोमांच

चौथे क्वार्टर में भारत को मिले पेनल्टी कॉर्नर का शानदार फायदा उठाते हुए राजिंदर ने टीम का चौथा गोल किया। इसके साथ ही भारत ने 4-1 की मजबूत बढ़त बना ली और जीत लगभग तय नजर आने लगी।लेकिन मैच के अंतिम मिनटों में पाकिस्तान ने जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार दो गोल दाग दिए। स्कोर 4-3 होने के बाद मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। हालांकि भारतीय खिलाड़ियों ने संयम बनाए रखा और मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर पाकिस्तान को बराबरी का मौका नहीं दिया।

भारत ने हासिल किए तीन महत्वपूर्ण अंक

इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने FIH प्रो लीग 2026 में तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। साथ ही पाकिस्तान के खिलाफ अपना शानदार रिकॉर्ड भी बरकरार रखा। भारतीय टीम की इस जीत में आक्रामक खेल, बेहतरीन मिडफील्ड नियंत्रण और अंतिम मिनटों में मजबूत डिफेंस की अहम भूमिका रही।

Exit mobile version