Gujrat: ट्रक से टकराई लग्जरी बस, 6 यात्रियों की मौत सहित 20 घायल

वडोदरा: गुजरात के वडोदरा-जरोद रोड पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही एक लग्जरी बस जरोद के कोटंबी गांव के पास हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से जा भिड़ी। दुर्घटना के वक्त अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मौके पर पहुंचीं राहत-बचाव टीमें

हादसे की सूचना मिलते ही जरोद पुलिस, एसडीआरएफ , एनडीआरएफ और वडोदरा फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए वडोदरा के एसएसजी अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

कई यात्री बस में फंसे

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टक्कर के बाद बस में कई यात्री फंस गए थे। बचाव दल विशेष उपकरणों की मदद से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटा रहा। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

वडोदरा में इस तरह की दुर्घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इसी वर्ष 31 जनवरी को बामनगाम पटिया के पास नेशनल हाईवे-48 पर एक निजी लग्जरी बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी। उस हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हुए थे। उस समय भी बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और चालक को बाहर निकालने के लिए लंबा रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा था।

Exit mobile version