Bihar: 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन तार की चपेट में आई बस, करंट लगने से दंपती की मौत सहित 8 झुलसे

नालंदा: बिहार के नालंदा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। पावापुरी थाना क्षेत्र में मजदूरों से भरी एक यात्री बस 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई। हादसे में करंट लगने से एक दंपती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।

बस की छत पर रखी साइकिल बनी हादसे का कारण

जानकारी के अनुसार, बस में करीब 60 मजदूर सवार थे। सभी मजदूर नरकटिया से ईंट-भट्ठे पर काम खत्म कर अपने गांव घोसरावां लौट रहे थे। बस की छत पर एक साइकिल भी रखी गई थी।जैसे ही बस पावापुरी थाना क्षेत्र के शमवशरण मंदिर के पास पहुंची, छत पर रखी साइकिल ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के तार के संपर्क में आ गई। साइकिल के तार से छूते ही पूरी बस में करंट दौड़ गया, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

दंपती की मौके पर मौत, कई लोग गंभीर

करंट लगने से बस में सवार एक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तत्काल पावापुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, पांच घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

जांच में जुटा प्रशासन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही बिजली आपूर्ति बंद कर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

Exit mobile version