Entertainment: बिग बॉस 20 का काउंटडाउन शुरू, सलमान खान सितंबर से संभालेंगे ‘वीकेंड का वार’ की कमान?

मनोरंजन डेस्क : टेलीविजन इतिहास का सबसे सुपरहिट और हाई-टीआरपी रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ अपने ऐतिहासिक 20वें सीजन के साथ छोटे पर्दे पर ग्रैंड वापसी करने जा रहा है। बॉलीवुड के सुल्तान सलमान खान एक बार फिर इस मेगा शो को होस्ट करते हुए अपने जाने-पहचाने अंदाज में ‘वीकेंड का वार’ में कंटेस्टेंट्स की क्लास लगाते नजर आएंगे। अब तक इस शो के 19 सीजन ब्लॉकबस्टर रहे हैं, जिसके बाद मेकर्स ‘बिग बॉस-20’ को और ज्यादा धमाकेदार बनाने की तैयारी में जुट गए हैं।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो के प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू हो चुका है और मेकर्स ने घर में बंद होने वाले संभावित चेहरों की तलाश भी तेज कर दी है।

21 सितंबर से शुरू हो सकता है बिग बॉस-20 का सफर

‘वैरायिटी इंडिया’ की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, ‘बिग बॉस-20’ के प्रीमियर की तारीख को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। कयास लगाए जा रहे हैं कि यह शो 21 सितंबर 2026 से टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर लाइव कर दिया जाएगा। शो के मेकर्स इस बार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, टीवी के बड़े सितारों और विवादित हस्तियों का एक ऐसा कॉकटेल तैयार कर रहे हैं, जो दर्शकों को स्क्रीन से बांधे रखे।

सोशल मीडिया पर तैरने लगे संभावित कंटेस्टेंट्स के नाम

हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक किसी भी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है, लेकिन सोशल मीडिया और कयासों के बाजार में कुछ बेहद चर्चित नाम सामने आ रहे हैं।फैजल शेख (मिस्टर फैसू) और जन्नत जुबैर (मशहूर डिजिटल स्टार्स और एक्टर्स),अंजलि अरोड़ा (सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर),उर्फी जावेद (अपने अतरंगी फैशन सेंस के लिए मशहूर), रिद्धिमा गुप्ता। इन नामों के सामने आने के बाद से ही फैंस के बीच अभी से इस बात की चर्चा शुरू हो गई है कि अगर ये चेहरे घर का हिस्सा बनते हैं, तो इस बार एंटरटेनमेंट और ड्रामा का ग्राफ काफी ऊपर जाने वाला है।

‘बिग बॉस 19’ में गौरव खन्ना ने मारी थी बाजी

पिछले सीजन की बात करें तो ‘बिग बॉस 19’ काफी उतार-चढ़ाव और हाई-वोल्टेज ड्रामे से भरपूर रहा था। पिछले सीजन की चमचमाती ट्रॉफी और खिताब टीवी के मशहूर अभिनेता गौरव खन्ना के सिर सजा था। उन्होंने अपनी सधी हुई रणनीति और शानदार खेल से दर्शकों का दिल जीतकर सीजन 19 अपने नाम किया था। गौरव खन्ना के अलावा पिछले सीजन में तान्या मित्तल सबसे ज्यादा चर्चित और विवादित कंटेस्टेंट रही थीं। भले ही वह खिताब न जीत सकीं, लेकिन उन्होंने जमकर सुर्खियां बटोरीं। इनके साथ ही कुनिका सदानंद, अमाल मलिक, फरहाना भट्ट, अशनूर कौर और गौरव बजाज ने भी शो को काफी एंटरटेनिंग बनाया था।अब देखना दिलचस्प होगा कि पिछले 19 सीजन की भारी सफलता के बाद, सलमान खान के इस ऐतिहासिक ‘सीजन-20’ का ताज किस खुशनसीब और दमदार खिलाड़ी के सिर सजता है।

Exit mobile version