रांची: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में अपहरण, लूटपाट और जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। न्यूक्लियस मॉल के बगल स्थित ड्रामा बार के संचालक गौरव सिंह के भाई सौरभ सिंह (26 वर्ष) का कथित रूप से अपहरण कर अपराधियों ने बेरहमी से पिटाई की और उनसे नकदी लूट ली। गंभीर रूप से घायल सौरभ को बाद में डंगराटोली चौक के पास फेंक दिया गया।पीड़ित की शिकायत पर लालपुर थाना में नामजद आरोपियों समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
धुन्की बार के पास से किया गया अपहरण
जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3:30 बजे सौरभ सिंह अपने भाई के ड्रामा बार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान धुन्की बार के समीप एक चारपहिया वाहन ने उनका रास्ता रोक लिया।आरोप है कि शाहिल उर्फ शोहेल अपने 10-12 साथियों के साथ वाहन से उतरा और सौरभ को जबरन गाड़ी में बैठाने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने चलती गाड़ी में ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें अगवा कर हिन्दपीढ़ी ले गए।
हिन्दपीढ़ी में रॉड, हॉकी और चेन से किया हमला
पीड़ित के अनुसार, हिन्दपीढ़ी पहुंचने पर वहां पहले से मौजूद कमरान, लक्की, सेकी, पारस और 20-25 अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया।आरोपियों ने लोहे की रॉड, हॉकी स्टिक और लोहे की चेन से सौरभ की बेरहमी से पिटाई की। हमले में उनके सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, मारपीट इतनी बर्बर थी कि सौरभ खून से लथपथ हो गए।
51,700 रुपये लूटने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने सौरभ की जेब में रखे 51,700 रुपये भी छीन लिए। बताया गया कि यह राशि बार के कलेक्शन की थी।घटना के बाद आरोपियों ने घायल सौरभ को वाहन में बैठाया और डंगराटोली चौक के पास सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
पुलिस को सूचना देने पर दी जान से मारने की धमकी
पीड़ित का आरोप है कि जाते समय अपराधियों ने धमकी दी कि यदि मामले की शिकायत पुलिस से की गई तो अगली बार जान से मार दिया जाएगा।गंभीर रूप से घायल अवस्था में सौरभ किसी तरह लालपुर थाना पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, छापेमारी जारी
लालपुर थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर शाहिल उर्फ शोहेल, कमरान, लक्की, सेकी और पारस समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण, लूटपाट, जानलेवा हमला और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस आरोपियों के मोबाइल नंबरों के आधार पर कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन की जांच कर रही है। साथ ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी गई है।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम काम कर रही है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
