Uttar Pradesh: लखनऊ पहुंचे सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके, इको गार्डन में युवाओं का रेला

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामले को लेकर युवाओं का गुस्सा आज राजधानी की सड़कों पर फूटने को तैयार है। कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दीपके गुरुवार देर रात इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6E-338) से सीधे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (अमौसी एयरपोर्ट) पहुंचे। रात करीब 2:40 बजे लखनऊ लैंड करने के बाद वे सीधे आंदोलन स्थल इको गार्डन के लिए रवाना हुए।
प्रशासन की ओर से कॉकरोच जनता पार्टी और छात्र संगठनों को इको गार्डन में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की लिखित अनुमति दी गई है।

“दिल्ली-पुणे की तरह लखनऊ में भी मांगेंगे शिक्षा मंत्री का इस्तीफा”

एयरपोर्ट पर मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए अभिजीत दीपके ने अपने इरादे साफ कर दिए। उन्होंने कहा “हमारा उद्देश्य पूरी तरह लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी मांगों को सरकार के सामने रखना है। इससे पहले 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर और फिर पुणे में हमने बेहद शांतिपूर्ण तरीके से ऐतिहासिक प्रदर्शन किया, जहां छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की थी। लखनऊ में भी हमारा प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा। लोकतंत्र में अपनी बात रखना हमारा मौलिक अधिकार है और हम कुछ भी गलत नहीं कर रहे हैं।”

छावनी में बदला इको गार्डन; छात्रों ने जारी किया वीडियो संदेश

शुक्रवार सुबह से ही उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से छात्रों और बेरोजगार युवाओं का इको गार्डन पहुंचना शुरू हो गया है। आंदोलन की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है। जवान लाठियां, बुलेटप्रूफ जैकेट और हेलमेट के साथ मुस्तैद हैं। सुबह पहुंचे छात्र नेताओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं। छात्रों ने साफ कहा, “यहाँ कोई भी अपना राजनीतिक एजेंडा सेट करने न आए, हम सिर्फ और सिर्फ पेपर लीक और युवाओं के भविष्य के मुद्दे पर बात करेंगे।”

जानिए क्या है ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ और क्यों चर्चा में है यह संगठन?

सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सबसे बड़ा ट्रेंड बनी हुई है। इसकी शुरुआत और सफलता की कहानी बेहद दिलचस्प है। एक अदालती टिप्पणी से हुआ जन्म: बीते 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट में एक टिप्पणी की गई थी कि ‘कुछ बेरोजगार युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जो बाद में मीडिया, सोशल मीडिया या आरटीआई कार्यकर्ता बनकर व्यवस्था पर हमला करते हैं।’ इस टिप्पणी के विरोध में अगले ही दिन (16 मई को) अमेरिका में रह रहे अभिजीत दीपके ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के गठन का एलान कर दिया। सीजेपी ने 22 मई को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर एक ऑनलाइन याचिका शुरू की, जिस पर 8 लाख से अधिक लोगों ने साइन किए। महज 26 दिनों के भीतर इस पार्टी के इंस्टाग्राम पर 2.27 करोड़ और एक्स (ट्विटर) पर 2.75 लाख से अधिक फॉलोअर्स हो चुके हैं।

फिलहाल, शाम 4 बजे तक चलने वाले इस प्रदर्शन पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं। प्रशासन पूरी कोशिश कर रहा है कि छात्रों का यह आक्रोश कानून-व्यवस्था के लिए संकट न बने।

Exit mobile version