Jharkhand : जमशेदपुर के जेआरडी गेट नंबर-4 के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में पहुंची

जमशेदपुर। शहर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स गेट नंबर-4 के समीप मंगलवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दौरान कार ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी और सड़क के बीच बने डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा पहुंची। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बारात में शामिल कार होने की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार किसी बारात में शामिल थी और तेज गति से सड़क पर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे कार ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर चली गई।

नशे में कार चला रहा था युवक, स्थानीय लोगों का दावा

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चला रहा युवक नशे की हालत में था। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पीसीआर को सूचना दी।

पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में लेकर थाना ले गई। वहीं घायल बाइक सवार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों और चालक की स्थिति को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।

Exit mobile version