Bihar: खाली ट्रैक्टर की ट्रॉली उठी तो मिली 25 लाख की विदेशी शराब, दो तस्कर गिरफ्तार

गोपालगंज। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर रोजाना तस्करी के नए-नए और हैरान करने वाले हथकंडे अपना रहे हैं। ताजा मामला गोपालगंज जिले के हथुआ अनुमंडल क्षेत्र से सामने आया है, जहां तस्करों ने फिल्म ‘पुष्पा’ के स्टाइल से भी दो कदम आगे बढ़कर तस्करी की नायाब साजिश रची थी। हालांकि, उत्पाद विभाग की पैनी नजरों ने इस चालाकी को नाकाम कर दिया और खाली दिखने वाले ट्रैक्टर के अंदर से लाखों रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की।

ट्रॉली उठी तो खुली पोल, गुप्त तहखाने में छिपाए थे 25 कार्टन

यह पूरी कार्रवाई लाइन बाजार और मीरगंज के बीच अमवा बाजार (अमवा गांव) के पास की गई। उत्पाद विभाग की टीम वहां रूटीन वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की सीमा की ओर से एक ट्रैक्टर तेजी से मीरगंज की तरफ आता दिखा। जवानों ने जब ट्रैक्टर को रोका, तो उसकी ट्रॉली बिल्कुल खाली थी।ऊपरी तौर पर ट्रॉली में कुछ न होने के बावजूद, ट्रैक्टर के असामान्य लोड और वजन को देखकर उत्पाद विभाग के जवानों को गहरा शक हुआ। जवानों ने ट्रैक्टर चालक को हाइड्रोलिक प्रेशर से ट्रॉली को ऊपर उठाने का निर्देश दिया। जैसे ही हाइड्रोलिक से ट्रॉली ऊपर उठी, अधिकारी और जवान भी दंग रह गए। तस्करों ने ट्रॉली के नीचे एक बेहद शातिर गुप्त तहखाना बना रखा था, जिसके अंदर एक-दो नहीं बल्कि 25 कार्टन कीमती अंग्रेजी (विदेशी) शराब ठूस-ठूस कर छिपाई गई थी।

जब्त शराब की कीमत करीब 25 लाख रुपये, सीवान के दो तस्कर गिरफ्तार

उत्पाद अधीक्षक अमितेश झा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जब्त की गई विदेशी शराब की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। शुरुआती जांच और पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस खेप को यूपी से गोपालगंज के रास्ते पड़ोसी जिले सीवान में डिलीवरी के लिए ले जाया जा रहा था।इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और मौके से चालक व सह-चालक (खलासी) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी सीवान जिले के ही रहने वाले हैं।

बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच शुरू

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की यह खेप यूपी में किसने लोड करवाई थी और सीवान में इसे किसे सौंपा जाना था। इस पूरे नेक्सस को तोड़ने के लिए स्थानीय पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है और बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। बहरहाल, शराब तस्करी के इस अनोखे तरीके की चर्चा पूरे इलाके में जोरों पर है।

Exit mobile version