पटना। पटना के बहुचर्चित कोचिंग फायरिंग मामले में नया मोड़ आ गया है। खान सर (फैसल खान) के सरेंडर करने की अटकलों पर अब पूर्ण विराम लग गया है। उनके वकील ने स्पष्ट कर दिया है कि खान सर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण (सरेंडर) नहीं करेंगे। इसके बजाय उनकी कानूनी टीम पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर करने की पूरी तैयारी कर रही है। वहीं, दूसरी ओर गिरफ्तारी की तलवार लटकने के बीच पटना कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद पुख्ता कर दी गई है।
रात भर पुलिस की छापेमारी, हाथ खाली
कदमकुआं थाने में हत्या के प्रयास (बीएनएस की धारा 109) और आर्म्स एक्ट के तहत नामजद केस दर्ज होने के बाद पटना पुलिस की विशेष टीमों ने गुरुवार की पूरी रात खान सर की संभावित ठिकानों पर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की। हालांकि, पुलिस को उनका कोई सुराग नहीं मिला और फिलहाल उनका कोई अता-पता नहीं है।
क्या है पूरा विवाद और क्यों फंसे खान सर?
इस पूरे फसाद की शुरुआत बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी होने के बाद हुई व्यावसायिक रंजिश से जुड़ी है। 2 जून की रात खान सर की ‘खान ग्लोबल स्टडीज एकेडमी’ के बाहर उनके प्रतिद्वंद्वी संस्थान ‘ज्ञान बिंदु एकेडमी’ के समर्थकों द्वारा कथित तौर पर पथराव, तोड़फोड़ और गार्ड्स के साथ मारपीट की गई।3 जून को खान एकेडमी के मैनेजर की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।4 जून को ज्ञान बिंदु एकेडमी की तरफ से उसी रात का एक नया वीडियो जारी किया गया, जिसमें खान सर के दो निजी बॉडीगार्ड हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग करते दिखे।
गार्ड्स के कबूलनामे से बढ़ीं मुश्किलें, पुलिस के बयान पर सवाल
वीडियो की सत्यता जांचने के बाद पुलिस ने खान सर के दोनों गनर्स को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार गार्ड्स के कबूलनामे और बयान के आधार पर पुलिस ने इस मामले में दूसरी एफआईआर दर्ज की, जिसमें खान सर को मुख्य आरोपी बनाया गया है।इस मामले में पटना पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि शुरुआत में (2 जून को) पुलिस ने मौके पर किसी भी तरह की गोलीबारी होने से साफ इनकार किया था। लेकिन वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत फायरिंग की पुष्टि कर दी।
यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं फैजल खान
यूट्यूब और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए देश भर में मशहूर खान सर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले हैं। उनका असली नाम फैजल खान है और वे लंबे समय से पटना में रहकर ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ के माध्यम से लाखों छात्र-छात्राओं को पढ़ा रहे हैं। कानूनविदों के मुताबिक, चूंकि उन पर गैर-जमानती धाराएं लगी हैं, इसलिए अगर कोर्ट से उन्हें अग्रिम जमानत की राहत नहीं मिलती है, तो पुलिस उन्हें किसी भी वक्त गिरफ्तार कर सकती है।
