आजमगढ़: उत्तर प्रदेश एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तानी गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद शेख के रूप में हुई है। एटीएस ने उसके कब्जे से 9 एमएम पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।आरोपी को आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ बीएनएस-2023 की विभिन्न धाराओं, शस्त्र अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
भारत में आतंकी गतिविधियों की साजिश का खुलासा
एटीएस के अनुसार, पाकिस्तान की आईएसआई और आतंकी संगठनों द्वारा भारत में आतंक फैलाने तथा देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची जा रही थी। इसके लिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था।जांच एजेंसियों के मुताबिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए भारतीय युवकों को जोड़कर उन्हें पैसे और धार्मिक भावनाओं के नाम पर कट्टरपंथ की ओर प्रेरित किया जा रहा था। इन युवकों को कथित तौर पर स्लीपर सेल के रूप में तैयार करने की कोशिश की जा रही थी।
रेकी, हत्या और हमले के लिए उकसाने का आरोप
एटीएस का दावा है कि इस नेटवर्क से जुड़े लोगों को विभिन्न व्यक्तियों और संस्थानों की रेकी करने, लक्षित हत्याएं करने, राजनीतिक दलों के कार्यालयों पर हमले तथा सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों को निशाना बनाने के लिए उकसाया जा रहा था।सर्विलांस और तकनीकी जांच के बाद मोहम्मद शेख को गिरफ्तार किया गया।
व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए संपर्क
जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तानी नंबरों और सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए शहजाद भट्टी गैंग के संपर्क में था। बताया गया कि वह गैंग की विचारधारा से प्रभावित होकर जिहाद संबंधी गतिविधियों में रुचि दिखा रहा था और अन्य युवाओं को भी इस नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास कर रहा था।एटीएस के मुताबिक आरोपी को शहजाद भट्टी के अलावा उसके सहयोगी अजमल गुर्जर और रजा पाकिस्तानी कथित तौर पर निर्देश दे रहे थे।
राजनीतिक नेत्री को धमकाने और हत्या की थी तैयारी
जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी को ट्रायल मिशन के तौर पर एक अन्य राज्य की राजनीतिक पार्टी की महिला नेता को धमकाने और उनकी हत्या करने के लिए प्रेरित किया गया था। इसके बाद उसे किसी बड़े मिशन में शामिल किए जाने की योजना थी।एटीएस के अनुसार मोहम्मद शेख इस कथित योजना को अंजाम देने की तैयारी कर चुका था और इसी उद्देश्य से उसने 9 एमएम पिस्टल और कारतूस की व्यवस्था की थी।फिलहाल एटीएस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी के नेटवर्क, संपर्कों तथा संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
