Madhya Pradesh: साधु बनने की चाह में खौफनाक कदम, 42 वर्षीय व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से अपना गुप्तांग काटा

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक व्यक्ति द्वारा खुद को गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। पुलिस और परिजनों के अनुसार, महाराजपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 भटीपुरा निवासी 42 वर्षीय राममिलन यादव ने शनिवार सुबह कथित तौर पर साधु बनने और गृहस्थ जीवन का त्याग करने की इच्छा के चलते कुल्हाड़ी से अपना गुप्तांग काट लिया।घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

खेत के पास उठाया कदम

परिजन के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9 बजे राममिलन यादव अपने खेत के पास स्थित कुएं पर गए थे। बताया जाता है कि वहां कुछ देर अकेले रहने के बाद उन्होंने पास में रखी कुल्हाड़ी से अपना गुप्तांग काट लिया। घटना के तुरंत बाद वे दर्द से तड़पने लगे।

खुद फोन कर चचेरे भाई को जानकारी दी

परिजनों का कहना है कि, घायल होने के बाद राममिलन ने स्वयं अपने चचेरे भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उन्हें खून से लथपथ हालत में जिला अस्पताल लेकर आए।

‘पाप से बचने के लिए उठाया कदम’

परिजनों के मुताबिक, राममिलन यादव पिछले कुछ समय से आध्यात्मिक जीवन और साधु बनने की बातें कर रहे थे। घायल व्यक्ति ने भी परिजनों से कहा कि वह भविष्य में किसी प्रकार का पाप नहीं करना चाहता था और गृहस्थ जीवन से पूरी तरह मुक्त होना चाहता था।

उम्मीद नहीं थी ऐसा कदम उठाएगा

परिवार के लोगों का कहना है कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह इस तरह का कोई कठोर कदम उठा सकते हैं। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोग भी हैरान हैं।

अस्पताल में इलाज जारी, हालत गंभीर

जिला अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, घायल व्यक्ति को गंभीर अवस्था में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। अधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और चिकित्सक लगातार निगरानी कर रहे हैं।

पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच

मामले की सूचना मिलने के बाद महाराजपुर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Exit mobile version