Delhi: दिल्ली के साकेत में तीन मंजिला इमारत ढही, मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका

दिल्ली : नई दिल्ली के साकेत इलाके में शनिवार शाम एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और अन्य राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

दमकल विभाग को शाम 7:45 बजे मिली सूचना

अग्निशमन विभाग के अनुसार, हादसे की सूचना शनिवार शाम करीब 7:45 बजे प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।अधिकारियों के मुताबिक राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और मलबा हटाने का काम लगातार किया जा रहा है।

4 से 5 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

रेस्क्यू टीम ने अब तक मलबे से 4 से 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।हालांकि अभी तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका

प्रशासन का कहना है कि इमारत के अंदर और आसपास मौजूद कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। इसी कारण बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जुट गए हैं, जिसके चलते पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

राहत कार्य जारी

फिलहाल प्रशासन, दमकल विभाग और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए विशेष उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है।

Exit mobile version