बालमुकुंद आचार्य ने एक विवादित बयान देकर राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है। राजस्थान की हवा महल सीट से बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य ने पश्चिम बंगाल के विधायक हुमायु कबीर को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।उन्होंने कहा कि अगर हुमायूं कबीर गाय और ऊंट को काटने की बात करेंगे या इस तरह की बयानबाजी करेंगे तो उनकी “जुबान काट दी जाएगी।”
बकरीद पर जानवरों की कुर्बानी का किया विरोध
बीजेपी विधायक ने बकरीद पर जानवरों की कुर्बानी को गलत बताते हुए कहा कि किसी भी जीव की हत्या करके त्योहार मनाना उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय को जानवरों की कुर्बानी की जगह केक काटकर त्योहार मनाना चाहिए।
“हर जीव को जीने का अधिकार”
बालमुकुंद आचार्य ने कहा कि जिस जानवर की कुर्बानी दी जाती है, उसका भी परिवार और भावनाएं होती हैं।उन्होंने कहा, “सभी जीवों को अपना जीवन जीने का अधिकार है। किसी की हत्या करके खुशियां नहीं मिल सकतीं।”विधायक ने मुस्लिम समुदाय को सलाह देते हुए कहा कि वे इस विषय पर विचार करें और पशु बलि के बजाय दूसरे तरीके से त्योहार मनाएं।
सड़कों पर नमाज को बताया गलत
बालमुकुंद आचार्य ने सड़कों पर नमाज अदा करने को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों को परेशानी होती है और कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती हैं।उन्होंने योगी आदित्यनाथ सरकार के फैसलों का समर्थन करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नमाज को लेकर उत्तर प्रदेश में जो कदम उठाए गए हैं, वे सही दिशा में हैं। हालांकि राजस्थान में इस तरह के नियम लागू करने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज
बालमुकुंद आचार्य के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने इस बयान को लेकर बीजेपी पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।
