राजगीर : बिहार के नालंदा जिले के राजगीर में आयोजित हो रहे सुप्रसिद्ध मलमास मेले की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब सोमवार की देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। मेले में लगे ऊंचे और तेज रफ्तार ‘सुनामी झूले’ से गिरकर एक 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई।मृतक की पहचान पड़ोसी नवादा जिले के रहने वाले अमन कुमार के रूप में हुई है। इस वीभत्स घटना का एक बेहद खौफनाक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक को सैकड़ों फीट की ऊंचाई से सीधे नीचे गिरते हुए देखा जा सकता है।
चचेरे भाई के साथ झूले पर सवार था अमन, अचानक हुआ हादसा
पारिवारिक सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमन अपने परिवार और चचेरे भाई प्रिंस के साथ राजगीर मलमास मेला घूमने आया था।मेला परिसर में घूमते हुए अमन और प्रिंस ‘सुनामी झूले’ पर बैठे। झूला जब अपनी पूरी रफ्तार में आसमान की तरफ था, तभी अचानक अमन की सीट बेल्ट खुल गई। रफ्तार तेज होने के कारण अमन को संभलने का मौका नहीं मिला और उसका संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया। वह सीधे झूले से नीचे कंक्रीट के फर्श पर आ गिरा। झटके से गिरे अमन को देख मेले में भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे तुरंत पावापुरी मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया, लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
रील या सेल्फी का चक्कर? थाना प्रभारी ने दी प्रारंभिक जानकारी
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और हादसे के तकनीकी कारणों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्टिव हो गया है।मामले की शुरुआती तफ्तीश को लेकर राजगीर अंचल के थाना प्रभारी जितेंद्र राम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि युवक झूला झूलते समय अपने मोबाइल से सेल्फी लेने या सोशल मीडिया के लिए ‘रील’ बनाने का प्रयास कर रहा था। हालांकि, पुलिस हर कोण से मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है और मौके के तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
बिना अनुमति चल रहा था झूला; संचालक पर एफआईआर दर्ज
इस हादसे ने सीधे तौर पर मेला प्रशासन की सुरक्षा ऑडिट और फिटनेस सर्टिफिकेट पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि यह खतरनाक सुनामी झूला बिना किसी वैध प्रशासनिक अनुमति (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) के ही धड़ल्ले से संचालित किया जा रहा था।मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए राजगीर थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया लापरवाह झूला संचालक के खिलाफ राजगीर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।हादसे के बाद फरार हुए झूला संचालक और उसके कर्मियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
एहतियातन मेले के सभी बड़े झूलों का संचालन बंद
सोमवार रात हुए इस बड़े हादसे के बाद राजगीर अनुमंडल प्रशासन और मेला मजिस्ट्रेट ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया है। मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सभी बड़े और ऊंचे झूलों के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। अब जब तक सभी झूलों की दोबारा मैकेनिकल और सुरक्षा जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक इन्हें चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल अमन की मौत के बाद उसके नवादा स्थित पैतृक घर में कोहराम मचा हुआ है।
