भोपाल : केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है कि सीबीआई की एक विशेष टीम भोपाल पहुंच चुकी है और उसने भोपाल पुलिस से केस का रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिया है।
सीबीआई ने दर्ज की ताजा एफआईआर
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई ने मामले में नई एफआईआर दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब तक स्थानीय पुलिस और एसआईटी द्वारा जुटाए गए सभी दस्तावेज, बयान और सबूतों की दोबारा समीक्षा की जाएगी।बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी मौत की परिस्थितियों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कथित संस्थागत लापरवाही और अन्य आरोपों की गहराई से जांच करेगी।
पहले से विवादों में रहा है मामला
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। परिवार की ओर से पहले पोस्टमार्टम पर सवाल उठाए गए थे, जिसके बाद दूसरी बार पोस्टमार्टम कराया गया था।इस मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह से लगातार पूछताछ भी की जा चुकी है। वहीं परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए थे।
सुप्रीम कोर्ट ने भी लिया था स्वतः संज्ञान
इस केस को लेकर भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने भी स्वतः संज्ञान लिया था। मामले में कथित संस्थागत भेदभाव, जांच प्रक्रिया में गड़बड़ी और न्यायिक पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए गए थे।अब सीबीआई जांच शुरू होने के बाद मामले में नए खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
