Uttar Pradesh: महराजगंज में संदिग्ध हालात में मिला मादा तेंदुए का शव, वन विभाग में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के लक्ष्मीपुर रेंज अंतर्गत अचलगढ़ बीट क्षेत्र में रविवार को एक मादा तेंदुए का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। तेंदुए की मौत किन कारणों से हुई, इसे लेकर फिलहाल सस्पेंस बना हुआ है।

कई दिनों से ग्रामीणों में था दहशत का माहौल

बताया जा रहा है कि यही मादा तेंदुआ पिछले कई हफ्तों से वनग्राम अचलगढ़ और आसपास के इलाकों में लगातार देखी जा रही थी। उसके कारण ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ था। तेंदुए की गतिविधियों और संभावित हमलों को देखते हुए वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा था।

आठ वर्ष उम्र बताई जा रही

वन विभाग के अनुसार मृत तेंदुआ मादा थी और उसकी उम्र लगभग आठ वर्ष आंकी जा रही है। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद वन विभाग की टीम ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

मामले पर रेंजर वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

पेड़ पर आराम करते तेंदुए का वीडियो हुआ था वायरल

कुछ दिनों पहले लक्ष्मीपुर वन क्षेत्र के मानिकतालाब के पास एक तेंदुआ पेड़ की ऊंची टहनी पर आराम करता दिखाई दिया था। इस दौरान वहां मौजूद कुछ युवक मोबाइल से वीडियो और रील बना रहे थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना था कि गर्मी और उमस से परेशान तेंदुआ पेड़ पर बैठकर आराम कर रहा था।

वन विभाग ने दी थी सख्त चेतावनी

वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने लोगों को सख्त चेतावनी दी थी। लक्ष्मीपुर वन क्षेत्राधिकारी वेदप्रकाश शर्मा ने कहा था कि तेंदुआ बेहद संवेदनशील और हिंसक वन्यजीव है। उसके पास जाकर रील बनाना न केवल खतरनाक है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण कानून का उल्लंघन भी है।उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि कोई व्यक्ति वन्यजीवों को परेशान करते या सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version