महोबा : कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मुश्किलें बेहद बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र और अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में महोबा शहर कोतवाली में अजय राय के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस एफआईआर में कांग्रेस के निवर्तमान सचिव बृजराज सहित पार्टी के 30 अज्ञात समर्थकों को भी आरोपी बनाया गया है।इस कानूनी कार्रवाई के बाद बुंदेलखंड सहित पूरे उत्तर प्रदेश के कांग्रेसी खेमे में भारी हड़कंप मच गया है, जबकि भाजपा इस मुद्दे पर हमलावर हो गई है।
गैंगरेप पीड़िता से मिलने गए थे महोबा, बातचीत का वीडियो वायरल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरा विवाद अजय राय के महोबा दौरे के दौरान शुरू हुआ। अजय राय महोबा में एक गैंगरेप पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे थे। मुलाकात के बाद जब वे लौटे, तो स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मीडिया से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि इसी बातचीत के दौरान भावुकता या आक्रोश में आकर अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बेहद असंसदीय, अमर्यादित और गाली-गलौज वाले शब्दों का इस्तेमाल कर दिया। इस कथित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह वायरल हो गया।
एडवोकेट नीरज रावत की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज
वीडियो सामने आने के बाद महोबा के स्थानीय अधिवक्ताओं और भाजपा समर्थकों में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय एडवोकेट नीरज रावत की लिखित तहरीर के आधार पर महोबा शहर कोतवाली पुलिस ने अजय राय और उनके सहयोगियों पर विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता वकील नीरज रावत ने कहा, “यह बयान कांग्रेस पार्टी के राजनीतिक कुसंस्कारों और उनकी संस्कृति को दर्शाता है। ऐसा लगता है कि उनके शीर्ष नेतृत्व द्वारा इसी तरह की भाषा का प्रशिक्षण दिया जाता है। देश के प्रधानमंत्री के लिए ऐसी भाषा कतई बर्दाश्त नहीं की जा सकती, इसलिए मैंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।”
“हताशा, निराशा और कुंठा के शीर्ष पर है कांग्रेस”— सीएम योगी आदित्यनाथ
अजय राय के इस विवादित बयान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने ‘एक्स’ (ट्विटर) हैंडल पर बेहद सख्त और तीखी नाराजगी जाहिर की है। “माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी के विषय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है। पूर्व में कांग्रेस के ‘युवराज’ (राहुल गांधी) भी कई बार अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं। कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है। अब देशवासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं रही है।”
पुलिस खंगाल रही है फुटेज, बढ़ सकती हैं मुश्किलें
महोबा पुलिस प्रशासन के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की वैज्ञानिक और डिजिटल जांच में जुट गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो फुटेज की सत्यता और उसके मूल सोर्स की जांच की जा रही है। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि यदि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ सार्वजनिक रूप से मानहानि और असंसदीय भाषा के इस्तेमाल के आरोप कोर्ट में सिद्ध होते हैं, तो यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की राजनीतिक और वैधानिक मुश्किलें आने वाले दिनों में और ज्यादा बढ़ सकती हैं।
