नई दिल्ली : सोशल मीडिया पर अपने तीखे कटाक्षों, राजनीतिक मीम्स और डिजिटल मौजूदगी के कारण महज कुछ ही दिनों में करोड़ों युवाओं के बीच पैठ बनाने वाली ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के खिलाफ एक बड़ा डिजिटल एक्शन सामने आया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने आधिकारिक तौर पर दावा किया है कि उनका व्यक्तिगत और पार्टी का मुख्य इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया गया है।अभिजीत ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपने हैक हुए इंस्टाग्राम अकाउंट का स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुए पैरेंट कंपनी ‘मेटा’ को टैग किया और लिखा— “मेरे इंस्टाग्राम अकाउंट का एक्सेस पूरी तरह खत्म हो गया है। मैं इसे रिकवर करने की लगातार कोशिश कर रहा हूं, लेकिन तकनीकी रूप से नहीं हो पा रहा है।” हालांकि, इस हाई-प्रोफाइल हैकिंग को लेकर मेटा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण या बयान जारी नहीं किया गया है।
21 मिलियन फॉलोअर्स वाला बैकअप अकाउंट भी सस्पेंड
अभिजीत दिपके ने सरकार और विरोधी टेक-लॉबी पर निशाना साधते हुए एक और बड़ा खुलासा किया। उन्होंने लिखा कि साजिश के तहत न केवल मुख्य अकाउंट, बल्कि सीजेपी का बैकअप इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद (सस्पेंड) कर दिया गया है। आपको बता दें कि इस बेहद लोकप्रिय पेज के इंस्टाग्राम पर 21 मिलियन (2.1 करोड़) से अधिक फॉलोअर्स थे, जो देश के किसी भी बड़े राजनीतिक दल के सोशल मीडिया बेस को टक्कर दे रहा था। इससे ठीक एक दिन पहले (गुरुवार को) कॉकरोच जनता पार्टी का मुख्य ‘एक्स’ (ट्विटर) अकाउंट भी भारत में सरकारी निर्देशों के बाद सस्पेंड कर दिया गया था।
“सरकार का दांव उल्टा पड़ गया, कॉकरोच इज बैक”— अभिजीत दिपके
अकाउंट्स ब्लॉक और हैक होने के बाद भी अभिजीत दिपके के तेवर ढीले नहीं पड़े हैं। उन्होंने इसे एक राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा “इस बात की उम्मीद हमें पहले से ही थी। पिछले 24 घंटे से हमारे अकाउंट्स को हैक और ब्लॉक करने की लगातार कोशिशें की जा रही थीं। लेकिन सरकार का यह दांव पूरी तरह उल्टा पड़ गया है। हमारी आवाज को डिजिटल तौर पर दबाया नहीं जा सकता। हमारी लीगल टीम इस पूरे मामले को अदालत और साइबर सेल के माध्यम से कानूनी रूप से आगे बढ़ाएगी।”कुछ ही घंटों में 39 हजार फॉलोअर्स: मुख्य अकाउंट सस्पेंड होने के बाद अभिजीत ने तुरंत एक्स पर ‘कॉकरोच इज बैक’ (@CockroachIsBack) नाम से एक नया हैंडल शुरू कर दिया। इस नए हैंडल के बनते ही युवाओं का भारी समर्थन मिला और शाम 6:00 बजे तक महज कुछ ही घंटों में इसके फॉलोअर्स की संख्या 39,000 के पार पहुंच गई।
आते ही फिर मांगा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
नए अकाउंट ‘कॉकरोच इज बैक’ से पहली पोस्ट करते हुए पार्टी ने एक बार फिर देश के ज्वलंत मुद्दे पर अपनी मांग दोहराई। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में देश के लाखों छात्रों के साथ खड़े होने का दावा करते हुए इस हैंडल ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के अविलंब इस्तीफे और बर्खास्तगी की मांग को फिर से ट्रेंड करा दिया है।
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम को हथियाने की होड़, 3 ट्रेडमार्क आवेदन दाखिल
इस डिजिटल लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब इस नाम पर मालिकाना हक जताने की कानूनी जंग भी शुरू हो गई है। बाजार में चर्चा और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम पर कानूनी अधिकार हासिल करने के लिए तीन अलग-अलग पक्षों द्वारा ट्रेडमार्क आवेदन दाखिल किए गए हैं।चूंकि यह नाम इस समय देश का सबसे बड़ा डिजिटल ब्रैंड बन चुका है और युवाओं के बीच भारी टीआरपी बटोर रहा है, ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि सोशल मीडिया की यह ‘कॉकरोच’ सेना इस तकनीकी और कानूनी घेराबंदी से खुद को कैसे बाहर निकाल पाती है।
