पटना: पटना में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। पटना के डीएम टी. त्यागराजन ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और प्री-स्कूलों के लिए विशेष आदेश जारी किया है।जारी आदेश के अनुसार, 5वीं कक्षा तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। वहीं, 6वीं से 8वीं तक की कक्षाओं का समय भी बदल दिया गया है। अब इन कक्षाओं की छुट्टी हर हाल में सुबह 10:30 बजे तक कर दी जाएगी। यह आदेश शुक्रवार 22 मई से मंगलवार 26 मई तक प्रभावी रहेगा।
40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
पटना में गुरुवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। दोपहर के समय तेज धूप और लू जैसी स्थिति बनी रही, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ गया। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल स्कूलों पर पाबंदी लगाने का निर्णय लिया।डीएम द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि दोपहर के समय पड़ रही अत्यधिक गर्मी बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। इसी कारण छोटे बच्चों की कक्षाओं को अस्थायी रूप से बंद किया गया है।
अगले कुछ दिनों तक और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में अगले 3 से 4 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। तेज धूप और लू चलने की संभावना है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए लगातार पानी, जूस, नारियल पानी और मौसमी फलों का सेवन करने की सलाह दी गई है।
अन्य जिलों में भी स्कूलों पर पाबंदी
भीषण गर्मी का असर दक्षिण बिहार के कई जिलों में देखा जा रहा है। इसके चलते अन्य जिलों में भी स्कूलों को बंद करने या समय में बदलाव करने के आदेश जारी किए गए हैं।
छपरा और कैमूर में 5वीं तक के स्कूल पहले ही बंद किए जा चुके हैं।
सासाराम में 5वीं तक के स्कूल 31 मई तक बंद रहेंगे।
गया में छोटे बच्चों के स्कूल 25 मई तक बंद कर दिए गए हैं।
