Bihar: सीवान में ज्वेलरी लूटकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, दोनों घुटनों में लगी गोली

सीवान। बिहार के सीवान जिले में चर्चित जामापुर ज्वेलरी लूटकांड के एक आरोपी को सोमवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों घुटनों में गोली लगी है। घायल अपराधी को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।

यूपी से लौट रहा था आरोपी

घायल आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घुरघाट निवासी अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह श्रीनिवास सिंह का 26 वर्षीय पुत्र बताया जा रहा है।पुलिस के अनुसार अंकित 6 मई को जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित ओम साई ज्वेलरी शॉप में हुई करीब 20 लाख रुपये की लूट की घटना में शामिल था। लूट के दौरान फायरिंग करते उसका वीडियो भी वायरल हुआ था।

पुलिस को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग

जानकारी के मुताबिक अंकित अपने एक साथी के साथ यूपी से सीवान लौट रहा था। इसी दौरान तितरा बाजार बंका मोड़ के पास पुलिस गश्ती दल को देखकर उसने फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अंकित के दोनों घुटनों में गोली लग गई। उसका साथी मौके से फरार हो गया।

SP ने क्या कहा?

पूरन कुमार झा ने बताया कि जामापुर लूटकांड के बाद आरोपी यूपी भाग गया था। उन्होंने कहा कि आरोपी ने लूट के दौरान दुकान में तीन राउंड फायरिंग भी की थी।

20 लाख की हुई थी लूट

गौरतलब है कि 5 मई को जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित ओम साई ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े करीब 20 लाख रुपये की लूट हुई थी।दो अपाची बाइक पर सवार पांच हथियारबंद अपराधियों ने दुकान में घुसकर हथियार के बल पर करीब 300 ग्राम सोना,लगभग 9 किलो चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली थी।वारदात के दौरान अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिससे पूरे बाजार में दहशत फैल गई थी।

एक आरोपी को भीड़ ने पकड़कर पीटा था

लूट के बाद भाग रहे अपराधियों में से एक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया था। गुस्साई भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी और उसकी बाइक में आग लगा दी थी।घटना के बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा था और स्थिति को नियंत्रित किया गया था।

Exit mobile version