मऊ/गाजीपुर: माफिया मुख्तार अंसारी की फरार पत्नी और एक लाख रुपये की इनामी आफ्शां अंसारी की तलाश में मऊ और गाजीपुर पुलिस ने रविवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस की सात टीमों ने दोनों जिलों में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि कार्रवाई के दौरान कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।
मऊ में कई ठिकानों पर पुलिस की दबिश
रविवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस टीम ने मऊ के मिर्जाहादीपुरा स्थित पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तैय्यब पालकी के आवास पर पहुंचकर लगभग एक घंटे तक पूछताछ की। हालांकि सूत्रों के मुताबिक यहां से कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।इसके बाद पुलिस ने कोपागंज थाना क्षेत्र के लीलारी भरारी निवासी अरविंद कुमार सिंह और सरायलखंसी क्षेत्र के उमेश सिंह के घर पर भी छापेमारी की। दोनों से आफ्शां अंसारी के संभावित ठिकानों और संपर्कों को लेकर पूछताछ की गई।
गाजीपुर में भी कई लोगों से पूछताछ
उधर गाजीपुर जिले में पुलिस ने मोहम्मदाबाद के मंगल बाजार निवासी मुख्तार अंसारी के चचेरे भाई मंसूर अहमद अंसारी और गौस मुइनुद्दीन उर्फ तन्नू अंसारी से भी पूछताछ की। इसके अलावा सैदपुर के सिकंदरा गांव में लालजी यादव से भी जानकारी जुटाई गई।
पुलिस को मिले अहम सुराग
मऊ के एसपी कमलेश बहादुर ने बताया कि आफ्शां अंसारी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं गाजीपुर के एसपी डॉ. ईराज राजा ने कहा कि पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही आफ्शां अंसारी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आफ्शां अंसारी पर दर्ज हैं कई गंभीर मुकदमे
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आफ्शां अंसारी के खिलाफ मऊ जिले में गैंगस्टर एक्ट समेत चार मुकदमे दर्ज हैं, जबकि गाजीपुर में उनके खिलाफ दस मामले दर्ज हैं। दोनों जिलों की पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।बताया जा रहा है कि आफ्शां अंसारी पिछले तीन वर्षों से फरार चल रही हैं। पुलिस लगातार उनके संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए है।
मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े लोगों में हड़कंप
लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। सूत्रों के अनुसार गैंग से जुड़े कई लोग भूमिगत हो गए हैं, जबकि कुछ ने अपने ठिकाने बदल लिए हैं।एसपी डॉ. ईराज राजा ने बताया कि आईएस-191 गैंग से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
2024 में हुई थी मुख्तार अंसारी की मौत
गौरतलब है कि माफिया मुख्तार अंसारी की मौत 28 मार्च 2024 को हो चुकी है। इसके बाद से पुलिस आफ्शां अंसारी और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
