इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां कानून की रक्षा करने वाला ही कानून तोड़ता नजर आया। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में हुए हिट एंड रन केस का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक हादसा
घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया और पुलिस के पास मौजूद है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि सड़क किनारे खड़े दो पुलिसकर्मियों को तेज रफ्तार कार जोरदार टक्कर मारती है। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों आरक्षक हवा में उछलकर दूर जा गिरे।
दोनों आरक्षक गंभीर रूप से घायल
हादसे में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आरोपी भी निकला पुलिस कॉन्स्टेबल
जांच में सामने आया कि कार चलाने वाला आरोपी भी पुलिस विभाग का कॉन्स्टेबल है, जो डीआरपी लाइन में पदस्थ है। आरोप है कि वह घटना के समय शराब के नशे में था और तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था।
टक्कर मारकर भागने की कोशिश
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद आरोपी ने मौके से फरार होने की कोशिश की, जिससे मामला हिट एंड रन में बदल गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
