शिवपुरी : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। टीला रोड निवासी संदीप साहू ने अपनी 23 वर्षीय पत्नी नंदनी साहू की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति के साथ-साथ घर में मौजूद देवर और देवरानी को भी सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया है।
विवाद की जड़: मोबाइल तोड़ना और शक
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, नंदनी और संदीप की शादी 5 साल पहले हुई थी और उनका एक 4 साल का बेटा भी है।संदीप अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसे लेकर घर में अक्सर कलह होती थी। घटना से दो दिन पहले संदीप ने गुस्से में नंदनी का मोबाइल तोड़ दिया था। मायके पक्ष के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की थी, लेकिन विवाद थमा नहीं।
संघर्ष की कहानी बयां कर रहे शरीर पर निशान
वारदात वाले दिन नंदनी घर छोड़कर जाने लगी थी, तभी संदीप ने उसे रोका और विवाद हाथापाई तक पहुँच गया।नंदनी के गले और चेहरे पर नाखून के गहरे निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि उसने अपनी जान बचाने की पूरी कोशिश की। आरोपी पति संदीप के हाथों पर भी काटने के निशान पाए गए हैं, जो संघर्ष की पुष्टि करते हैं। संदीप ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर बिस्तर पर उसे दबोचकर गला घोंट दिया।
आरोपी ने खुद फोन कर दी जानकारी
हत्या जैसी जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी संदीप साहू ने खुद अपनी पत्नी के भाई मदन साहू को फोन किया और अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की सूचना दी। सूचना मिलते ही जब परिजन मौके पर पहुँचे, तो नंदनी का शव कमरे में पलंग पर पड़ा मिला।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने घटना के वक्त घर में मौजूद देवर और देवरानी को भी हिरासत में लिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने घटना के समय हस्तक्षेप नहीं किया या हत्या में सहयोग दिया। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छुपाने से जुड़ी विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
