Bihar: बिहार में नई पार्टी बनाएंगे आरके सिंह, बीजेपी छोड़ने के 5 महीने बाद किया ऐलान

पटना। पूर्व केंद्रीय मंत्री आर के सिंह ने बिहार में नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की है। ब्यूरोक्रेट से राजनेता और अब वकील बने आरके सिंह ने कहा कि वह जल्द ही एक नया राजनीतिक दल शुरू करने की योजना बना रहे हैं।उन्होंने बताया कि उनकी नई पार्टी में ईमानदार, पढ़े-लिखे और गैर-जातिवादी लोगों को शामिल किया जाएगा। आरके सिंह ने यह घोषणा बीजेपी छोड़ने के करीब पांच महीने बाद की है।

बिहार की राजनीति पर रहेगा फोकस

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में आरके सिंह ने कहा कि उनकी नई पार्टी मुख्य रूप से बिहार की राजनीति पर केंद्रित रहेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी का नाम अभी तय नहीं हुआ है और इसे जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि वह हमेशा मुद्दों पर बेबाकी से बोलते रहे हैं और इसी कारण उन्हें बीजेपी ने निलंबित कर दिया था। इसके बाद उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ

आरके सिंह ने नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि जब वह बीजेपी के सांसद थे, तब भी अपनी बात खुलकर रखते थे। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने उन्हें अपनी कैबिनेट में सात वर्षों तक स्थान दिया।उन्होंने कहा कि उन्हें ऊर्जा मंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया, जो उनके लिए बड़ी बात थी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर साधा निशाना

आरके सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया है जिसकी योग्यता और चरित्र पर सवाल उठते हैं।उन्होंने कहा, “जो व्यक्ति ईमानदार नहीं है और कम पढ़ा-लिखा है, वह राज्य के लिए क्या सोच रखेगा और क्या कर पाएगा।”

नीतीश कुमार के कार्यकाल पर भी टिप्पणी

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नितीश कुमार को लेकर भी आरके सिंह ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का पहला कार्यकाल काफी अच्छा रहा था, लेकिन दूसरे कार्यकाल में भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आए।उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सरकार के करीब 99 प्रतिशत मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त थे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार खुद भ्रष्टाचार में शामिल नहीं थे, लेकिन उनके आसपास के लोगों का भ्रष्ट होना शर्म की बात है।

Exit mobile version