Bihar: निशांत कुमार को मिली ‘Z’ श्रेणी की सुरक्षा, श्रवण कुमार की सुरक्षा भी बढ़ी

पटना : बिहार सरकार के गृह विभाग ने राज्य के तीन प्रमुख नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई अधिसूचना जारी की है। 17 अप्रैल को हुई राज्य सुरक्षा समिति की उच्चस्तरीय बैठक के बाद संयुक्त सचिव नवीन चन्द्र ने शनिवार को सुरक्षा श्रेणी में बदलाव का आधिकारिक आदेश जारी किया।

निशांत कुमार की सुरक्षा में बड़ा इजाफा

इस सुरक्षा समीक्षा में सबसे महत्वपूर्ण फैसला पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र और जदयू नेता निशांत कुमार को लेकर लिया गया है। निशांत कुमार की सुरक्षा को अपग्रेड करते हुए अब उन्हें ‘Z’ श्रेणी का सुरक्षा घेरा दिया गया है। इस श्रेणी के तहत अब उनके साथ 22 से 24 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे, जिसमें सशस्त्र कमांडो और एस्कॉर्ट वाहन शामिल होंगे। यह सुरक्षा व्यवस्था 24 घंटे प्रभावी रहेगी।

विजय सिन्हा और श्रवण कुमार की सुरक्षा का हाल

सरकार ने अन्य महत्वपूर्ण नेताओं की सुरक्षा की भी समीक्षा की।पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की सुरक्षा में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्हें पहले से मिल रही ‘Z’ श्रेणी की सुरक्षा को ही बरकरार रखा गया है। सरकार ने उनके वर्तमान खतरे के आकलन के आधार पर इसे पर्याप्त माना है। पूर्व मंत्री श्रवण कुमार की सुरक्षा को बढ़ाते हुए उन्हें अब ‘Y+’ श्रेणी दी गई है। इस श्रेणी में सुरक्षाकर्मियों के साथ एक एस्कॉर्ट वाहन भी उपलब्ध कराया जाता है।

क्यों लिए जाते हैं ऐसे फैसले?

गृह विभाग के अनुसार, वीवीआईपी सुरक्षा में यह बदलाव एक नियमित प्रक्रिया है। राज्य सुरक्षा समिति समय-समय पर विशिष्ट व्यक्तियों पर संभावित खतरों का आकलन करती है और उसी के आधार पर सुरक्षा को घटाने या बढ़ाने की सिफारिश करती है।

Exit mobile version