Sports : सीएसके के तेज गेंदबाज खलील अहमद आईपीएल 2026 से बाहर, धोनी की वापसी के लिए फैंस को करना होगा और इंतजार

स्पोर्ट्स डेस्क : चेन्नई सुपर किंग्स के कैंप से आज दो बड़ी खबरें सामने आई हैं। टीम के स्टार बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। वहीं, टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के मैदान पर लौटने की तारीख भी अब लगभग साफ हो गई है, लेकिन इसके लिए प्रशंसकों को अभी कुछ दिन और सब्र करना होगा।

खलील अहमद: शानदार फॉर्म के बीच लगी चोट

पीटीआई के अनुसार, खलील अहमद ग्रेड-2 क्वाड्रिसेप्स टियर (मांसपेशियों में खिंचाव) की गंभीर चोट का शिकार हुए हैं।14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मैच के दौरान खलील ने दाहिने कूल्हे में दर्द की शिकायत की थी।मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें पूरी तरह ठीक होने में 10 से 12 हफ्ते का समय लगेगा, जिसका मतलब है कि वह इस सीजन में अब नजर नहीं आएंगे। खलील ने सीएसके के लिए खेले गए सभी 5 मैचों में बेहतरीन गेंदबाजी की थी और शुरुआती स्टेज में टीम के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक रहे थे। फिलहाल उनके रिप्लेसमेंट (विकल्प) की घोषणा नहीं हुई है।

धोनी की वापसी: 23 अप्रैल को मुंबई के खिलाफ ‘धमाका’!

सीएसके फैंस के लिए सबसे बड़ा सवाल ‘धोनी कब खेलेंगे?’ था, जिसका जवाब मिल गया है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक धोनी प्री-सीजन कैंप के दौरान पिंडली में खिंचाव की वजह से शुरुआती मैचों से बाहर रहे हैं।धोनी अब फिट होने के बेहद करीब हैं और संभावना है कि वह 23 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ सीजन का अपना पहला मैच खेलेंगे। इसका मतलब यह है कि 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मैच में भी धोनी उपलब्ध नहीं होंगे।

आईपीएल 2026 में सीएसके का सफर

शुरुआती झटकों के बाद अब चेन्नई की टीम धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही है। पहले 3 मैचों में लगातार हार झेलने के बाद, सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स और केकेआर को हराकर शानदार वापसी की है। टीम के लिए सबसे सुखद खबर सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन की फॉर्म है। उनके रनों ने टीम को स्थिरता दी है।5 मैचों में 2 जीत के साथ सीएसके फिलहाल अंक तालिका में 8वें स्थान पर है।

Exit mobile version