Jharkhand: पोटका में अवैध गिट्टी परिवहन पर कार्रवाई, सीओ निकीता बाला ने बिना चालान हायवा किया जब्त

पोटका। पोटका में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बिना चालान गिट्टी लदे एक हायवा वाहन को जब्त किया है। यह कार्रवाई पोटका अंचलाधिकारी निकीता बाला ने गुरुवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर औचक निरीक्षण के दौरान की।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार सीओ निकीता बाला को सूचना मिली थी कि हाता–जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही सीओ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।

धामधूम यात्री शेड के पास मिला खड़ा हायवा

जांच के दौरान धामधूम यात्री शेड के पास एक हायवा वाहन खड़ा मिला। प्रशासन को देखकर वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें लगभग 500 सीएफटी गिट्टी लदी हुई पाई गई।

जांच में नहीं मिला कोई वैध चालान

सीओ ने वाहन के केबिन की जांच की, लेकिन गिट्टी परिवहन से संबंधित कोई वैध चालान या दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद मौके पर ही कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया गया।

थाना में दर्ज कराया गया केस

राजस्व उपनिरीक्षक शांति राम षांडगी और चौकीदार की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार की गई। इसके बाद वाहन को पोटका थाना को सुपुर्द कर दिया गया। साथ ही वाहन मालिक और चालक के खिलाफ लिखित मामला दर्ज कराया गया है।प्रशासन ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Exit mobile version