गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में जिला पंचायत रोड स्थित एक फ्लेक्स प्रिंटिंग की दुकान में बुधवार को 25 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गंगोत्री के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से यहां काम कर रही थी। पुलिस अब हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।
बदबू ने खोला राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब दुकान के आसपास के लोगों को अंदर से भीषण बदबू महसूस हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान का शटर पिछले तीन दिनों से नहीं खुला था।
अनहोनी की आशंका पर लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शटर उठाया, तो दुकान के भीतर बने रेस्ट रूम में गंगोत्री की लाश पड़ी मिली।
महराजगंज की रहने वाली थी गंगोत्री
जांच में पता चला है कि 25 वर्षीय गंगोत्री मूल रूप से महराजगंज जिले के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के करमैनी गांव की रहने वाली थी।वह गोरखपुर में किराए का कमरा लेकर रहती थी और पिछले सात साल से किराए पर ली गई इस दुकान में फ्लेक्स प्रिंटिंग का कार्य संभालती थी।गंगोत्री के परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसका फोन नहीं लग रहा था, जिससे वे बेहद परेशान थे। बुधवार को जब वे उसे ढूंढते हुए दुकान पहुंचे, तो वहां उसकी मौत की खबर मिली।
गायब कर्मचारियों पर गहराया शक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस दुकान पर गंगोत्री के साथ दो अन्य कर्मचारी भी काम करते थे। फिलहाल वे दोनों लापता हैं।पुलिस उन कर्मचारियों की तलाश कर रही है। माना जा रहा है कि उनकी गिरफ्तारी या पूछताछ के बाद मौत की असल वजह (हत्या या कुछ और) स्पष्ट हो पाएगी।
पुलिस का बयान
मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कोतवाली के इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया पुलिस सभी पहलुओं, विशेषकर फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। दुकान बाहर से बंद थी, इसलिए मामला संदिग्ध है। जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा और दोषियों को पकड़ा जाएगा।
