Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: हाजीपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी,सर्च ऑपरेशन जारी

बिहार: बिहार के वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ हाजीपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी एक ईमेल के जरिए भेजी गई है, जिसके बाद पूरी पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गई है। धमकी मिलने के तुरंत बाद वैशाली एसपी के निर्देश पर भारी पुलिस बल कोर्ट परिसर पहुंचा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे परिसर में सर्च ऑपरेशन जारी है।

एसडीपीओ दलबल के साथ मौजूद


धमकी की सूचना मिलते ही एसपी के आदेश पर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार दलबल के साथ कोर्ट परिसर पहुंचे। पुलिस ने बिना देरी किए सुरक्षा कारणों से कोर्ट के सभी कमरों और परिसर को खाली कराना शुरू कर दिया है। जजों, वकीलों और मुवक्किलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने कोर्ट के मुख्य द्वारों पर बैरिकेडिंग कर दी है और आम लोगों की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।


बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया


धमकी को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तुरंत बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को बुलाया है। कोर्ट के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। पुलिस यह सुनिश्चित करने में जुटी है कि परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु तो नहीं रखी गई है। फिलहाल कोर्ट के काम-काज को पूरी तरह रोक दिया गया है, जिससे परिसर में काफी तनाव और अफरा-तफरी का माहौल देखा जा रहा है। वकीलों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस अचानक पहुंची और सबको बाहर निकलने को कहा, जिससे लोग घबरा गए।


ईमेल की जांच में जुटी साइबर सेल


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस ईमेल आईडी से यह धमकी भेजी गई है, उसे ट्रैक किया जा रहा है। साइबर सेल की टीम इस बात की जांच कर रही है कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए पूरे प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। हाजीपुर कोर्ट पहले भी कई संवेदनशील मामलों के कारण चर्चा में रहा है, ऐसे में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button