Bihar INFACTNews

Bihar: पप्पू यादव का बड़ा दावा- “बीजेपी सम्राट चौधरी को नहीं बनाएगी मुख्यमंत्री, निशांत कुमार हैं बेहतर विकल्प”

बेगूसराय: बिहार में एनडीए की नई सरकार के गठन और मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चल रही खींचतान के बीच सांसद पप्पू यादव ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। बेगूसराय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी किसी ऐसे चेहरे को मुख्यमंत्री बनाएगी जिसे कोई नहीं जानता। साथ ही, उन्होंने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की पुरजोर वकालत की है।

“दिल्ली से थोपा जाएगा मुख्यमंत्री”

पप्पू यादव ने भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा बिहार में अब ‘अनुकंपा’ पर मुख्यमंत्री बनेगा। बीजेपी किसी मजबूत या स्थापित नेता को मौका नहीं देगी।पप्पू यादव के अनुसार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। उन्होंने दावा किया कि जिसका नाम चर्चा में आ जाता है, बीजेपी उसे मौका नहीं देती।बिहार की कमान दिल्ली के आदेश पर किसी ऐसे व्यक्ति को सौंपी जाएगी जिसे राज्य की जनता ठीक से जानती भी नहीं होगी।

निशांत कुमार को सीएम बनाने की वकालत

सांसद ने सुझाव दिया कि यदि नीतीश कुमार सक्रिय राजनीति से हटते हैं, तो निशांत कुमार को कमान सौंपनी चाहिए। बिहार को एक पढ़े-लिखे, सरल और विनम्र शासक की जरूरत है, जो जात-पात और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर काम करे। पप्पू यादव ने कहा कि निशांत कुमार हिंदू-मुसलमान की राजनीति नहीं करेंगे और बिहार को एक समझदार नेतृत्व देंगे।

नीतीश कुमार को अभी पद नहीं छोड़ना चाहिए

पप्पू यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार को फिलहाल बिहार की सत्ता नहीं छोड़नी चाहिए थी। उनके अनुसार, एनडीए को जो बहुमत मिला है, उसमें 25 से 30 प्रतिशत वोट नीतीश कुमार के नाम और उनके काम पर मिले हैं।

15 अप्रैल को नई सरकार का गठन संभव

बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।माना जा रहा है कि 14 अप्रैल को कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र दे देंगे। बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है। 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री और मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना है। नई सरकार में कई पुराने चेहरों की छुट्टी हो सकती है और कुछ मंत्रियों के विभागों में बड़े फेरबदल की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button