
मिर्जापुर : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिला मुख्यालय स्थित कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र के कतवारू इलाके में शनिवार सुबह खूनी खेल देखने को मिला। बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने वरिष्ठ अधिवक्ता और ग्राम प्रधान राजीव सिंह उर्फ रिंकू की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस पूरी घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सुबह की सैर पर निकले थे रिंकू सिंह
जानकारी के अनुसार, राजीव सिंह रोजाना की तरह शनिवार सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी उनके पास पहुँचे।एक अपराधी ने मोटरसाइकिल से उतरकर रिंकू सिंह पर देसी तमंचे से बेहद करीब से फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सीसीटीवी में कैद ‘भागने की जद्दोजहद’ और तमंचे का खौफ
वायरल वीडियो में हत्यारों की दुस्साहस और घबराहट दोनों साफ देखी जा सकती है ।हत्या को अंजाम देने के बाद जब बदमाश भागने लगे, तो उनकी बाइक कुछ देर तक स्टार्ट नहीं हुई। बाइक स्टार्ट न होते देख आसपास के कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई और उन्हें पकड़ने के लिए आगे बढ़े। भीड़ को अपनी ओर आता देख पीछे बैठे अपराधी ने देसी तमंचा तान दिया और लोगों को जान से मारने की धमकी देकर डरा दिया। मौका मिलते ही बाइक स्टार्ट हुई और दोनों अपराधी आंखों से ओझल हो गए।
हत्या के बाद वकीलों और ग्रामीणों में आक्रोश
अधिवक्ता और ग्राम प्रधान जैसे पदों पर आसीन व्यक्ति की दिनदहाड़े हत्या से पूरे मिर्जापुर शहर में सनसनी मच गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुँचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।साथी अधिवक्ता की हत्या से नाराज वकीलों ने सुरक्षा और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की शिनाख्त शुरू कर दी है। कतवारू और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी गई है।
चुनावी रंजिश या आपसी विवाद?
पुलिस इस मामले में पुरानी रंजिश और प्रधानी चुनाव से जुड़े विवादों के एंगल से भी जांच कर रही है। राजीव सिंह एक प्रभावशाली व्यक्तित्व थे, इसलिए पुलिस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। कटरा कोतवाली पुलिस का कहना है कि अपराधियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।



