Bihar: हड़ताल पर डटे अंचल अधिकारियों को डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की चेतावनी, 24 घंटे में काम पर लौटें वरना सर्विस ब्रेक

बिहार : बिहार के डिप्टी सीएम और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने हड़ताल पर डटे अंचलाधिकारी और राजस्व अधिकारियों को एक बार फिर कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटना होगा, अन्यथा उनकी सेवा में सर्विस ब्रेक (सेवा टूट) कर दी जाएगी।गुरुवार को जारी बयान में विजय सिन्हा ने कहा कि 10 अप्रैल की शाम तक जो अधिकारी हड़ताल खत्म कर ड्यूटी पर लौट आएंगे, उनकी नौकरी में कोई ब्रेक नहीं किया जाएगा और उनके प्रमोशन की संभावना बनी रहेगी। लेकिन जो अधिकारी तय समय तक काम पर नहीं लौटेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनके प्रमोशन की उम्मीद भी खत्म हो जाएगी।
9 मार्च से हड़ताल पर हैं अंचल और राजस्व अधिकारी
बता दें कि बिहार के सीओ (अंचलाधिकारी) और राजस्व पदाधिकारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 9 मार्च से अनिश्चितकालीन सामूहिक अवकाश पर हैं। इसके कारण अंचलों में जमीन और राजस्व से जुड़े कई कामकाज प्रभावित हो गए हैं।इससे पहले भी सरकार की ओर से हड़ताली अधिकारियों को 25 मार्च तक काम पर लौटने की डेडलाइन दी गई थी। उस समय कई सीओ और आरओ ने हड़ताल खत्म कर ड्यूटी जॉइन कर ली थी, लेकिन अब भी सैकड़ों अधिकारी हड़ताल पर डटे हुए हैं।
सरकार की चेतावनी के बावजूद हड़ताल जारी
दूसरी ओर हड़ताल कर रहे अंचल और राजस्व अधिकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उनका आरोप है कि सरकार बातचीत के बजाय धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल कर रही है, जिससे समाधान निकलना मुश्किल हो रहा है।
अंचलों में जनता के काम के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
इस बीच राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जनता के काम प्रभावित न हों, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है। कई जगह दूसरे अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि कुछ सेवानिवृत्त अधिकारियों को भी दोबारा काम पर लगाया जा रहा है ताकि अंचलों में जरूरी कामकाज जारी रह सके।



