BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: भाजपा नेता सपन दास के घर पर सुबह-सुबह फायरिंग, खिड़की पर दागीं 3 गोलियां

आदित्यपुर : औद्योगिक क्षेत्र आदित्यपुर में अपराधियों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंगलवार की सुबह करीब 6:55 बजे आशियाना के समीप स्थित सपन दास के आवास को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घर की खिड़की को निशाना बनाकर चलाई गई गोलियों ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

सुबह का सन्नाटा चीरती गोलियों की गूंज

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब घर के सदस्य अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। दो अज्ञात बदमाश पैदल ही घर के पास पहुँचे और कमरे की खिड़की को निशाना बनाकर तीन राउंड फायरिंग की। फायरिंग की आवाज सुनकर घर में रह रहे किरायेदारों ने शोर मचाया और सपन दास को जानकारी दी। जब तक घरवाले बाहर निकले, हमलावर फरार हो चुके थे।पुलिस ने मौके से दो खोखा बरामद किया है।

सीसीटीवी में कैद हुए अपराधी

घटना की पूरी वारदात सपन दास के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में स्पष्ट देखा जा रहा है कि दो युवक पैदल आकर फायरिंग कर रहे हैं, जबकि उनका एक तीसरा साथी कुछ दूरी पर स्कूटी स्टार्ट कर उनका इंतजार कर रहा था। सूत्रों के अनुसार, हमलावर स्थानीय क्षेत्र के ही रहने वाले प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस हुलिए के आधार पर उनकी तलाश में जुट गई है।

पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा पर सवाल

सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुँची और मामले की छानबीन शुरू की।पुलिस ने घटनास्थल से बरामद खोखों को जब्त कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि कुछ समय पूर्व सालडीह बस्ती में भी इसी तरह की फायरिंग हुई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र पर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल फायरिंग के पीछे का स्पष्ट कारण (रंजिश या रंगदारी) सामने नहीं आया है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की पहचान लगभग हो चुकी है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button